चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत में बुधवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. यह सड़क डीएमएफटी फंड से ग्राम जोजोदा स्थित सुजेश होबोटूरी के घर से जुनेश लोमगा के घर तक निर्माण की जाएगी. शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे सांसद और विधायक का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया.

सांसद जोबा माझी ने कहा कि गुदड़ी प्रखंड का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब जनता ने उन्हें मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सौंपा था, उस समय यह क्षेत्र विकास से काफी पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब योजनाओं को तेज़ी से धरातल पर उतारा जा रहा है.
विधायक जगत माझी ने कहा कि गुदड़ी प्रखंड के हर गांव में विकास पहुंचाना उनका संकल्प है. उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते रहें ताकि समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की जा सके.
कार्यक्रम में एनआरईपी के सहायक अभियंता राजेश कुमार मुंडा, कनीय अभियंता पार्थ सत्पथी, टोमडेल के मुखिया अनिल बुढ़, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, मानकी बिरसा बरजो, रोलेन बरजो, अकबर खान, ईशा खान, एजाज अहमद, दीपक माझी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

