चाईबासा/ Jayant Pramanik चक्रधरपुर रेल मंडल के आरपीएफ की टीम ने शुक्रवार को सोनुआ क्षेत्र के विक्रमपुर और नारंगासाई गांवों में जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखने और ट्रेनों में पत्थरबाजी जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई.

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है. जबकि ट्रेनों में पत्थरबाजी से यात्री गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं. ग्रामीणों को पिछले दिनों हुई उस घटना की जानकारी भी दी गई, जब सोनुआ और टुनिया स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखे जाने से ईतवारी एक्सप्रेस एक बड़े हादसे से बाल-बाल बची थी. इस घटना से ट्रेनों का परिचालन करीब तीन घंटे बाधित रहा.
आरपीएफ ने ग्रामीणों को सख्त चेतावनी दी कि वे अपने बच्चों को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रखें. यदि कोई व्यक्ति या बच्चा इसमें शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं को रोकना है.

