चाईबासा/ Jyotish Mahali पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH‑75E को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.


जानकारी के अनुसार लोहरदा गांव की रहने वाली सुमित्रा जामुदा सुबह करीब 7 बजे सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट लगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा- रांची मार्ग स्थित एनएच-75ई को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग करने लगे. इस दौरान दर्जनों महिलाएं सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगीं.
करीब दो घंटे से सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई है. समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है.

