चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत सोनापोस पंचायत के मधुपुर और सोनुआ गांव के करीब दो सौ राशन कार्डधारी जुलाई और अगस्त महीने का राशन नहीं मिलने से बेहद परेशान हैं. राशन के लिए कभी डीलर दिनेश कुमार महतो के पास तो कभी माँ तारिणी महिला मंडल के डीलर के चक्कर लगाते-लगाते थक चुके ग्रामीणों ने आखिरकार प्रखंड कार्यालय का रुख किया.

करीब पचास से अधिक राशन कार्डधारी सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुँचकर अंचल अधिकारी सह प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी अनुज टेटे से मिले और राशन दिलाने की गुहार लगाई. प्रभारी अनुज टेटे ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कर कार्डधारियों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा.
क्या है मामला
करीब एक साल पहले राशन डीलर दिनेश कुमार महतो पर वितरण में अनियमितता के आरोप लगे थे. जांच में दोषी पाए जाने पर उनका लाइसेंस रद्द कर दिया गया था. इसके बाद कार्डधारियों को माँ तारिणी महिला मंडल से राशन मिलने लगा. मई 2025 में दिनेश कुमार महतो का लाइसेंस फिर से चालू कर दिया गया. कुछ कार्डधारियों को फिर उनके द्वारा राशन मिला. लेकिन जून में फिर से आवंटन माँ तारिणी महिला मंडल को दे दिया गया. अब जुलाई और अगस्त माह के लिए किसी भी डीलर को राशन आवंटन नहीं हुआ है. इस वजह से करीब दो सौ कार्डधारियों को राशन नहीं मिल रहा है और वे लगातार परेशान हैं.
अधिकारी का बयान
अंचल अधिकारी सह प्रभारी एमओ अनुज टेटे ने बताया कि आवंटन नहीं मिलने के कारण राशन वितरण में समस्या आ रही है. जिला प्रशासन को पत्राचार कर जल्द समाधान की प्रक्रिया चल रही है. बहुत जल्द राशन कार्डधारियों को अनाज मिलना शुरू हो जाएगा.

