चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां गुप्त सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ज़मीन के नीचे छिपाकर रखे गए 35 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं.

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह रकम माओवादियों द्वारा सुरंग बिछाने और विस्फोटक सामग्री की खरीद के लिए जमा की गई थी. समय रहते इस नकदी की बरामदगी से नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें गहन तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षाबलों ने जंगल के भीतर ज़मीन की खुदाई कर रकम को बरामद किया. यह ऑपरेशन नक्सली गतिविधियों पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी नकदी किस स्त्रोत से माओवादियों तक पहुंची. साथ ही इस बरामदगी के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है. इस ऑपरेशन से सुरक्षाबलों का मनोबल भी बढ़ा है और माओवादियों के नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है.

