चाईबासा/ Jayant Pramanik

सोनुआ थाना क्षेत्र के महुलडीहा गांव में रविवार रात एक युवक द्वारा मंदिर में घुसकर शिवलिंग को तोड़ने के प्रयास की घटना सामने आई थी. सरस्वती पूजा का मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे गांव के युवकों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
गिरफ्तार युवक की पहचान हाकिम शेख के रूप में हुई है. वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद क्षेत्र का मूल निवासी बताया जाता है और सोनुआ में रहकर राजमिस्त्री का कार्य करता है.
ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
घटना के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा.
इस दौरान चक्रधरपुर से गिरिराज सेना के अध्यक्ष उमाशंकर गिरी भी थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की. इसके बाद वे महुलडीहा स्थित मंदिर परिसर भी पहुंचे और ग्रामीणों से मिलकर मंदिर के शुद्धिकरण एवं जीर्णोद्धार जैसे विषयों पर चर्चा की.
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है. मौके पर डॉक्टर महतो, अभिमन्यु सिंह, दिनेश महतो, केदार नायक, अमरेश प्रधान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.

