चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के देवांवीर पंचायत में सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है. पंचायत की मुखिया ज्योति सोय ने पंचायत सचिव अमितेश रंजन और 15वीं वित्त आयोग के प्रखंड समन्वयक पर मिलीभगत कर राशि का गलत उपयोग करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में मुखिया ने बीडीओ को लिखित शिकायत भी सौंपी है.

मामले के अनुसार पंचायत सचिव ने मुखिया से 50 से 55 हजार रुपये तक के एंड्रॉयड मोबाइल खरीदने का प्रस्ताव रखा था. मुखिया ने अधिक दाम पर मोबाइल खरीदने से इनकार कर दिया. इसके बावजूद पंचायत सचिव ने प्रखंड समन्वयक के साथ मिलकर बिना मुखिया की अनुमति और हस्ताक्षर के ही एक लाख 18 हजार रुपये मोबाइल फोन व अन्य उपकरण खरीदने के लिए भुगतान कर दिया.
मुखिया का कहना है कि भुगतान प्रक्रिया उनके डीएससी (डिजिटल सिग्नेचर सार्टिफिकेट) के माध्यम से होती है और इसके लिए ओटीपी उनके मोबाइल पर आता है. लेकिन इस मामले में उन्हें कोई ओटीपी प्राप्त नहीं हुआ, फिर भी भुगतान कर दिया गया. उन्होंने इसे सरकारी राशि की धोखाधड़ी और गंभीर गड़बड़ी बताया है.
मुखिया ज्योति सोय ने शिकायत की प्रतिलिपि स्थानीय विधायक और उपायुक्त को भी भेजी है. मामले की पुष्टि करते हुए बीडीओ सोमनाथ उरांव ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में है और पंचायत सचिव से पूछताछ की जा रही है.

