चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ के संतरा रेंज के वन कर्मियों ने मॉडल स्कूल के छात्र- छात्राओं को “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के महत्व के बारे में जानकारी दी. बुधवार को छात्र- छात्राओं ने सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप कोल्हान वन प्रमंडल के स्थायी पौधाशाला का भ्रमण किया.

इस अवसर पर वन कर्मी भादव सोरेन, शांति सुंडी और वनरक्षी शिव शक्ति गोप ने बच्चों को पौधशाला की कार्यप्रणाली और पेड़ों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास पौधे लगाएं और उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष का रूप दें.
विद्यार्थियों ने अपने नाम से “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया और उनके संरक्षण की शपथ भी ली. कार्यक्रम के दौरान वन कर्मियों की ओर से करीब एक सौ छात्र-छात्राओं को मुफ्त में पौधे भी वितरित किए गए. मौके पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका निवेदिता प्रधान सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित थे.

