चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा टीम द्वारा ओवर स्पीडिंग के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है. यह अभियान परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार 03 नवम्बर से 09 नवम्बर 2025 तक चलेगा. इस दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.

सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि अधिकतर हादसों का मुख्य कारण ओवर स्पीडिंग है. बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए रफ्तार पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है. मंगलवार को अभियान के तहत चाईबासा के तंबो चौक से स्टीकर अभियान की शुरुआत की गई.
अभियान के दौरान वाहनों पर “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” संबंधी स्टीकर लगाए गए और चालकों को परिवहन व यातायात नियमों की जानकारी दी गई. साथ ही, सभी से ओवर स्पीडिंग से बचने की अपील की गई.

सड़क सुरक्षा टीम ने बताया कि राज्य में 72 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार के कारण होती हैं. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष राज्यभर में दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है. केवल चाईबासा जिले में ही पिछले वर्ष सितम्बर तक 131 दुर्घटनाओं में 134 लोगों की मौत हुई थी, जबकि इस वर्ष सितम्बर माह तक 156 दुर्घटनाओं में 156 लोगों ने अपनी जान गंवाई है.
सड़क सुरक्षा विभाग ने कहा है कि यदि लोग संयम बरतें और गति सीमा का पालन करें, तो दुर्घटनाओं के आंकड़ों में भारी कमी लाई जा सकती है. लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग की आदत विकसित करनी होगी और सड़क पर सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
