चाईबासा : Jayant Pramanik पूर्व मुख्यमंत्री श्री मधु कोड़ा आज चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने एचआईवी पीड़ित मरीजों के संबंध में डीएस डॉ. शिवचरण हांसदा एवं नवनियुक्त प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. भारती गौरेती मिंज से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी ली. श्री कोड़ा ने यह जानने का प्रयास किया कि आखिर किन कारणों से बच्चे एचआईवी ग्रसित हुए. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सरकार को कई आवश्यक मेडिकल सुविधाओं के लिए पत्राचार किया गया है, परंतु अब तक आपूर्ति नहीं हो सकी है .

श्री कोड़ा ने कहा कि जब चाईबासा ब्लड बैंक का लाइसेंस पिछले कई वर्षों से नवीनीकृत ही नहीं हुआ है, तो यह गंभीर प्रश्न उठता है कि अब तक किस स्तर की जांच प्रक्रिया के तहत मरीजों को रक्त चढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ब्लड की त्रिस्तरीय जांच आवश्यक है, जिसकी अस्पताल में पूरी तरह कमी है. यह घटना केवल अस्पताल और मेडिकल स्टाफ की लापरवाही नहीं, बल्कि सरकार की गहरी उदासीनता को भी दर्शाती है.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी केवल बयानबाज़ी में लगे हैं, जबकि अस्पताल की जमीनी सुविधाएं चरमरा चुकी हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा केवल दो लाख रुपये मुआवजा की घोषणा करना अमानवीय है और पीड़ित परिवारों के साथ अन्याय है. श्री कोड़ा ने मांग की कि पूरे राज्य में ब्लड बैंकों की जांच हो और दोषियों के खिलाफ न्यायिक जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को इस विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
