चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के गुवा में सेल प्रबंधन द्वारा स्थानीय लोगों को विस्थापित किये जाने के मामले को लेकर बुधवार को सांसद जोबा माझी गुवा पहुंचीं. सांसद के साथ झामुमो जिला कमेटी के पदाधिकारी भी शामिल रहे. यहां पहुंचते ही सांसद जाटा हाटिंग बस्ती पहुंचीं और विस्थापित ग्रामीणों की परेशानियों से अवगत हुईं.

ग्रामीणों ने बताया कि सेल प्रबंधन विस्तारीकरण के नाम पर वर्षो से बसे गरीब लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है. उन्होंने सर्वे में छूटे करीब एक सौ परिवारों के लिए नये सिरे से सर्वे कराने की मांग की. सांसद ने कहा कि गुवा के एक भी परिवार को विस्थापित नहीं होने देंगे. सभी परिवारों का पुनर्वास होना चाहिए. जरूरत पड़ी तो मामला संसद में उठाया जाएगा. इसके बाद सांसद ने सेल गुवा के सीजीएम भास्कर से मुलाकात कर ग्रामीणों की मांगों से अवगत कराया. सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विस्थापन से पूर्व सभी परिवारों का पुनर्वास होना चाहिए. साथ ही विस्तारीकरण में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता दी जाए.
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने खून- पसीने से सेल को सींचा है. अगर स्थानीय लोगों की अनदेखी की गई तो बड़ा जन आंदोलन होगा. सांसद ने चेतावनी दी कि अगर रोजगार भी नहीं देंगे और जमीन से भी बेदखल करेंगे तो सेल के लिए माइंस चलाना मुश्किल हो जाएगा. सीजीएम भास्कर ने आश्वासन दिया कि छूटे हुए परिवारों पर सकारात्मक पहल की जाएगी और स्थानीय बेरोजगारों की उपेक्षा नहीं होगी. मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, जिप अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, मुखिया लिपी मुंडा, अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा देवगम, बुधराम लागुरी, प्रेम गुप्ता, जीरेन सिंकू, अशोक दास समेत कई झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.

