चाईबासा/ Jayant Pramanik स्वतंत्रता दिवस पर बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस और कोबरा 209 बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया. एसपी को मिली सूचना के आधार पर 13 अगस्त की सुबह गोईलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया, पोसैता और तुम्बागाड़ा के जंगल- पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था इसी दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई.

नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी, जिस पर बलों ने जवाबी कार्रवाई की. भारी दबाव के चलते नक्सली भाग निकले, लेकिन सर्च अभियान में एरिया कमांडर अरुण उर्फ वरुण उर्फ निलेश मदकम (थाना कोन्टा, जिला सुकमा, छत्तीसगढ़) का शव बरामद हुआ. घटनास्थल से एक एसएलआर रायफल, कारतूस और अन्य सामान भी जब्त किया गया.
जिला पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान के आधार पर बताया गया कि अरुण मदकम पर गोईलकेरा, सोनुआ और टोंटो थाना क्षेत्रों में हत्या, अपहरण, पुलिस पर हमले और यूएपीए सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे. पुलिस ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान अभी जारी है और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा- निर्देशों के तहत विधि- सम्मत कार्रवाई की जा रही है.

