चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टोकलो और सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए 14 आईईडी बरामद किया.

बरामद प्रत्येक आईईडी का वजन करीब 2-2 किलोग्राम बताया गया है. मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ता की टीम ने सभी आईईडी को सुरक्षा की दृष्टि से वहीं पर नष्ट कर दिया. इसके अलावा सुरक्षा बलों ने देशी हैंड ग्रेनेड समेत अन्य सामान भी बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी बिछाकर रखे थे, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई. फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि अन्य विस्फोटक या नक्सली कैंप का भी पता लगाया जा सके.

