चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैला दी है. जहां

बीती रात बहदा गांव स्थित एयरटेल मोबाइल टावर को माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और अफरातफरी का माहौल है.
ग्रामीणों के मुताबिक, रात में करीब एक दर्जन हथियारबंद नक्सली गांव में पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी.
इसके बाद टावर के पास रखे बैटरी और पैनल उपकरणों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. कुछ ही पलों में टावर आग की लपटों में घिर गया और देर रात तक विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं.
आग की चपेट में आकर बिजली की तारें भी जल गईं, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. घटनास्थल पर नक्सलियों ने कई पोस्टर और पर्चे छोड़े हैं, जिनमें उन्होंने अपने मारे गए साथियों की मौत का बदला लेने की चेतावनी दी है. पोस्टरों में लिखा गया है कि ऑपरेशन ‘कगार’ के विरोध में 8 से 14 अक्टूबर तक प्रतिशोध सप्ताह मनाया जा रहा है और 15 अक्टूबर को झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में बंद रहेगा.
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार तड़के पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे. क्षेत्र की घेराबंदी कर जल चुके उपकरणों और पोस्टरों की जांच की जा रही है. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संभावित हमलों को देखते हुए सर्च अभियान तेज कर दिया गया है.
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार रात को भी जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा में नक्सलियों ने एक अन्य मोबाइल टावर में आग लगा दी थी.
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.

