चाईबासा: Jayant Pramanik. सोनुआ प्रखंड में शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर “रन फॉर यूनिटी” रैली का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य संदेश था — “अनेकता में एकता ही भारत की विशेषता है.”

दौड़ की शुरुआत निश्चितपुर मैदान से हुई और रैली सोनुआ थाना परिसर पहुंचकर समाप्त हुई. इस अवसर पर दीनदयाल शिशु विद्या मंदिर निश्चितपुर, सीतानाथ शिशु विद्या मंदिर मधुपुर, राज्य संपोषित +2 विद्यालय तथा एस.एस. पब्लिक स्कूल निश्चितपुर के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इस कार्यक्रम में मनोहरपुर विधानसभा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, सीओ अनुज टेटे, इंस्पेक्टर महानंद सुरीन, थाना प्रभारी शशि बाला भेंगरा, प्रखंड एवं थाना कर्मी, साथ ही विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक–शिक्षिकाएं भी उपस्थित थे.
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश को समाज में फैलाना था. प्रतिभागियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाते हुए देशभक्ति का माहौल बनाया.

