चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के देवांवीर गांव के टेपासाई टोला में एक व्यक्ति सिमोन तिर्की की लाठी और डंडे से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई, जिसका शव शनिवार को पुलिस ने बरामद किया.

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि सिमोन तिर्की की हत्या का कारण उसके द्वारा मानसिक रूप से अस्थिर महिला के साथ दुष्कर्म करना बताया जा रहा है. मृतक के कथित कृत्य के बाद महिला के परिवार के सदस्यों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिसके चलते उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की शिकायत पर छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. नामजद आरोपियों में चार महिलाएं शामिल हैं, जो एक ही परिवार की हैं.
वहीं, मृतक पर मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दूसरी तरफ से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इस मामले में महिला के परिवार की दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं.
पुलिस ने फिलहाल किसी को भी जेल नहीं भेजा है और मामले की जांच जारी है. मामले में सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

