चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के खड़पोस, टोला हाटानीसाई में शनिवार को फेरी व्यवसायी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. झरना नदी तट पर मिली जली हुई एक टीवीएस बाइक से पुलिस ने पूरे हत्याकांड का राज कुछ ही घंटों में उजागर कर दिया है. पुलिस ने जमीन विवाद में की गई इस हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे खड़पोस स्थित झरना नदी तट पर मोटरसाइकिल जलाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. मझगांव थाना प्रभारी उपेन्द्र नारायण सिंह, सअनि. इबनेसार अहमद खान और सशस्त्र बल की टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान जली हुई बाइक का निबंधन नंबर OD09G-6096 मिला, जिसे स्थानीय लोगों ने फेरी करने वाले श्रीराम बिरुवा की बाइक बताया.
पुलिस जब श्रीराम बिरुवा के घर पहुंची, तो घर बाहर से बंद था जबकि अंदर टीवी चल रहा था. दरवाजे और फर्श पर खून के धब्बे मिलने पर ग्रामीण मुण्डा, मुखिया और सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति में वैज्ञानिक तरीके से दरवाजा खोला गया. अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और श्रीराम बिरुवा घर से लापता थे. वह अकेले रहते थे और फर्चुन की दुकान के साथ-साथ गांवों में फेरी करने का काम करते थे.
जांच आगे बढ़ने पर जमीन विवाद ही हत्या की मुख्य वजह पाई गई. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

