चाईबासा/ Jayant Pramanik सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में अज्ञात अपराधियों ने बीती रात युवक सुमित यादव को घर से बुलाकर गोली मार दी. घटना के बाद मोहल्ले में अफरा- तफरी मच गई. परिजनों ने घायल सुमित को आनन- फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया.

जानकारी के अनुसार, सुमित यादव रिकवरी एजेंट के रूप में काम करता था. परिवार वालों का कहना है कि उसकी किसी से इतनी बड़ी दुश्मनी नहीं थी कि कोई घर से बुलाकर गोली मार दे. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे. सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सुमित से पूछताछ करने की कोशिश की लेकिन उसकी हालत नाजुक थी. देर रात जमशेदपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही सुमित की मौत हो गई.

