चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन के निधन से झारखंड में एक युग का अंत हो गया है.

सांसद जोबा माझी ने कहा कि गुरुजी एक ज़मीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ.
वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्षरत रहे.
उनके निधन से मुझे अत्यंत दुख हुआ है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और सभी अनुयायियों के साथ हैं.
गौरतलब है कि शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री कार्यकाल में जोबा माझी मंत्री रह चुकी हैं. वर्ष 2014 में उन्होंने शिबू सोरेन के मोरहाबादी आवास में झामुमो की सदस्यता ग्रहण की थी.
गुरुजी कई बार गोइलकेरा में उनके दिवंगत पति देवेंद्र माझी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए थे. इसके अलावा वे सेरेंगदा आकर शहीदों को श्रद्धांजलि भी देते रहे.
2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में शिबू सोरेन ने सेरेंगदा और लोढ़ाई में जोबा माझी के पक्ष में जनसभाएं की थीं. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में सिंहभूम सीट से प्रत्याशी बनाए जाने पर उन्होंने अपने हाथों से जोबा माझी को टिकट सौंपा था. रिकॉर्ड मतों से जीतने के बाद जोबा माझी अपने पुत्र जगत माझी और उदय माझी के साथ रांची पहुंचकर गुरुजी का आशीर्वाद लेने गई थीं.

