चाईबासा/ Jayant Pramanik सिंहभूम की सांसद सह झामुमो नेत्री जोबा माझी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. जोबा माझी ने कहा कि गुरुजी को भारत रत्न देना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

पत्र में सांसद ने लिखा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं हैं और पूरा राज्य इस समय आहत और विचलित है. उन्होंने समाज के उत्थान, गरीबों को शोषण से मुक्ति और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया. बाल्यावस्था में पिता को महाजनों के शोषण का शिकार होते देख उनके जीवन का लक्ष्य तय हुआ और युवावस्था से लेकर प्रौढ़ावस्था तक वे आंदोलन, संघर्ष और अदालती लड़ाइयों में सक्रिय रहे. जोबा माझी ने कहा कि संघर्ष के दिनों में अपने कई प्रियजनों और ज्येष्ठ पुत्र को खोने के बावजूद शिबू सोरेन सत्य और गरीबों के अधिकारों के मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए. राजनीतिक उतार- चढ़ाव के बावजूद देश और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें पूरे देश में सम्मान का विशेष स्थान दिलाया. उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि झारखंड के प्रणेता और आदिवासी समाज के मसीहा स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” प्रदान कर कृतज्ञता व्यक्त की जाए.

