चाईबासा/ Jyotish Mahali मनोहरपुर प्रखंड के सागजोड़ी गांव की 27 वर्षीय जोबना गुड़िया, जो पिछले एक महीने से लापता थी, को महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर घर वापस लाया गया. महिला के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर मामला ठंडा पड़ गया था.

तीन दिन पूर्व महाराष्ट्र पुलिस ने जोबना गुड़िया को गोंदिया जिले के सखी वन स्टॉप सेंटर को सौंपा. पूछताछ के दौरान इसकी सूचना जराइकेला थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान को फोन पर मिली. सूचना मिलते ही समाजसेवी सह पत्रकार ज्योतिष महाली ने सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से जोबना से फोन पर बात कर स्थिति स्पष्ट की. इसके बाद उन्होंने मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज को पूरे मामले से अवगत कराया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रेस्क्यू की जिम्मेदारी ज्योतिष महली को सौंपी. बिना देरी किए जोबना के भाई राजू गुड़िया आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाराष्ट्र पहुंचे. वहां सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों के सहयोग से महिला को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर सकुशल घर लाया गया.
बताया गया है कि जोबना गुड़िया की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है, जिसके कारण वह कभी- कभी इस तरह की परिस्थितियों में फंस जाती हैं. फिलहाल वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित हैं.
घर वापसी के बाद राजू गुड़िया और उनकी माता ने सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों का आभार जताया. साथ ही समाजसेवी ज्योतिष महली, थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान और प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया.
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने या संकट की स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल प्रशासन को सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने कहा कि ग्रामीणों की जागरूकता और सहयोग से पुलिस प्रशासन बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है.

