चाईबासा/ Jotish Mahali जिले के मनोहरपुर प्रखंड के जराईकेला थाना क्षेत्र में समथा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय रेड़ा के स्कूल मैदान में शनिवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम चाईबासा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित की गई.

मौके पर मौजूद जराईकेला थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सारंडा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखना, ग्रामीणों के बीच पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा कायम करना और अहिंसा को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा रहा है ताकि अपराध और हिंसा की घटनाओं में कमी लाई जा सके.

थाना प्रभारी ने यह भी अपील की कि जो लोग अहिंसा का रास्ता छोड़कर राज्य के विकास में बाधा डाल रहे हैं, वे मुख्यधारा में लौटें और राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाएं. इस नीति का उद्देश्य भटके हुए लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है.
कार्यक्रम में जराईकेला थाना के सब इंस्पेक्टर मनोज रजक, प्रेम बैठा, भीमाराम बनसिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. रेड़ा टोला और आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की.
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्यक्रमों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को और मजबूती मिलेगी.

