चाईबासा: मनोहरपुर- जराइकेला मुख्य सड़क मार्ग के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीपुर गांव के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने- सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए मनोहरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

मिली जानकारी के अनुसार घायल चार युवक हैं- बिसरा निवासी 38 वर्षीय बिधु भूषण तिर्की, बांधटोली निवासी 25 वर्षीय सन्नी साहिल गोप, 17 वर्षीय पवन नायक और 16 वर्षीय बैसागो गोप.
बताया गया कि बिधु भूषण तिर्की अपनी मोटरसाइकिल (OD 14B 7401) से बड़बिल से बिसरा की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल (JH 06 U 5540) पर सवार चार युवक मनोहरपुर की ओर आ रहे थे. मनीपुर के तीखे मोड़ पर दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हुई, जिससे सभी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है.

