चाईबासा/ Jayant Pramanik अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चाईबासा मंडल कारा गेट पर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार किया है, जो सुजीत सिन्हा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है.


मिली जानकारी के अनुसार 6 अक्टूबर 2024 को सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट पर अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 79/2024, दिनांक 16 अक्टूबर 2024 को धारा 109 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था.
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सत्यापन के आधार पर मामले की जांच तेज की. इसी क्रम में पुलिस ने पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुडंडवा निवासी समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी का संबंध कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा गैंग से बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इस फायरिंग कांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है.

