चाईबासा/ Jyotish Mahali जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के रामडा स्थित गुड़ाडीह मैदान में महली समाज एकता मंच के तत्वावधान में वनभोज सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में महली समाज के महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए. आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.

मुख्य अतिथि यूसीआईएल के डीजीएम मनोरंजन महली समेत कई विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहे. अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.
अध्यक्ष गणपति महली ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठित प्रयास से ही सामाजिक व शैक्षणिक विकास संभव है. वहीं जवाहरलाल महली और इंदर हेंब्रम ने समाज को संगठित रखने और युवाओं को सामाजिक कार्यों में आगे आने का आह्वान किया. हेडमास्टर ब्रह्मा महली ने शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताते हुए बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया.
मुख्य अतिथि मनोरंजन महली ने महली समाज के ऐतिहासिक अस्तित्व और वैश्विक स्तर पर संगठन की दिशा में हो रहे प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने समाज को एक मंच पर संगठित होकर अपनी पहचान मजबूत करने का संदेश दिया.
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया. बच्चियों ने मातृभाषा में गीत प्रस्तुत कर समाज सुधार और शिक्षा का संदेश दिया. इस दौरान मैट्रिक, इंटर और स्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया.
हजारों ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न यह आयोजन सामाजिक सौहार्द, एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन गया. आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया.

