चाईबासा/ Jyotish Mahali आगामी होली पर्व को लेकर जराईकेला थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य होली के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखना था.

बैठक में मकरंडा के पूर्व पंचायत समिति सदस्य संदीप गुड़िया, लाईलोर पंचायत के मुखिया बिरसा कंडुलना, मकरंडा ग्राम मुंडा ममता भूमिज सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं.

थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने कहा कि होली के दिन थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए. इसके लिए ग्राम मुंडा, पंचायत प्रतिनिधि और युवाओं को विशेष सतर्कता बरतनी होगी. उन्होंने कहा कि होली खुशियों और भाईचारे का पर्व है, इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की. बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने सभी को होली की शुभकामनाएं दी और प्रशासन को सहयोग का आह्वान किया. उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण ढंग से होली संपन्न कराने का संकल्प लिया.

