चाईबासा/ Jayant Pramanik रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से आयोजित 33वीं पदमाबाई रुंगटा अंतर- विद्यालय गणित प्रतियोगिता के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन रविवार को पिल्लई हॉल, चाईबासा में किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. यह समारोह 9 नवंबर 2025 को मंगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में आयोजित गणित प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम था. इस प्रतियोगिता का प्रायोजन एस. आर. रुंगटा ग्रुप द्वारा किया गया था.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चाईबासा के सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार उपस्थित रहे. वहीं एस. आर. रुंगटा ग्रुप के निदेशक मुकुंद रुंगटा भी समारोह में शामिल हुए. अपने संबोधन में सिद्धांत कुमार ने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन और करियर में तार्किक सोच, समस्या समाधान और निर्णय क्षमता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी बताते हुए रोटरैक्ट क्लब के प्रयासों की सराहना की.

प्रतियोगिता में जिला टॉपर का प्रथम स्थान चितेश सरकार, कक्षा 10, जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल, चाईबासा को प्राप्त हुआ. उन्हें 6000 रुपये नगद, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. द्वितीय स्थान हर्ष कुमार यादव, कक्षा 7, एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा को मिला, जिन्हें 4500 रुपये नगद, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. तृतीय स्थान राहुल साहू, कक्षा 10, सेंट विवेका इंग्लिश मीडियम स्कूल, चाईबासा को मिला, जिन्हें 3500 रुपये नगद, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
इसके अलावा कक्षा 7, 8, 9 और 10 के ओवरऑल क्लास टॉपर विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. प्रत्येक विद्यालय से चयनित स्कूल टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. कुल 172 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया.
चक्रधरपुर स्थित मधुसूदन पब्लिक स्कूल को सर्वाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता के लिए अधिकतम सहभागिता पुरस्कार प्रदान किया गया.
कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पक्ष और विपक्ष दोनों श्रेणियों के विजेता और उपविजेता को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए गए. इसके साथ ही ओपन क्विज प्रतियोगिता और ऑन-द-स्पॉट प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

समारोह के दौरान विद्यालयी छात्रों द्वारा नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं. कार्यक्रम में वीना मुंधरा, अंजू राठौर, अनिल शर्मा, मंगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय की प्राचार्या शिल्पा गुप्ता, महिला कॉलेज की अर्पित सुमन टोप्पो, रोटरी अध्यक्ष विकाश दोदराजका सहित कई रोटरी और रोटरैक्ट सदस्य उपस्थित थे. कार्यक्रम की जानकारी क्लब अध्यक्ष विनय लोधा ने दी. कार्यक्रम के अध्यक्ष हर्षित मुंधड़ा थे.
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा इस तरह के शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है.

