चाईबासा/ Jayant Pramanik बेनीसागर क्षेत्र में हाथी के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायल हुए रेस्क्यू टीम के सदस्य सुखलाल बेसरा की इलाज के दौरान मौत हो गई. सुखलाल बेसरा पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले से आई रेस्क्यू टीम के सदस्य थे. हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें आनन-फानन में ओडिशा के क्योंझर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

घटना के बाद बंगाल से आई रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन जारी रखने से इनकार कर दिया और टीम वापस लौट गई. इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने की है. सुखलाल बेसरा की मौत के बाद हाथी के हमले से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है. लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
इधर हाथी के ओडिशा सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर जाने से झारखंड की वन विभाग की टीम को फिलहाल कुछ राहत मिली है, जबकि ओडिशा के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं. हालांकि ओडिशा के लिए राहत की बात यह है कि जिस काजू बगान क्षेत्र में हाथी के मौजूद होने की सूचना है, वहां ओडिशा वन विभाग द्वारा पहले से सोलर फेंसिंग की गई है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हाथी दोबारा झारखंड सीमा में प्रवेश कर सकता है.

