चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. रविवार तड़के गोइलकेरा प्रखंड के कुईड़ा पंचायत अंतर्गत कितापी गांव में हाथियों के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक महिला की पहचान चंपा कुई (47) के रूप में की गई है. घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के पास मौजूद थी. इसी दौरान जंगल से भटके हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश किया और महिला को रौंद दिया. हाथियों के हमले से मौके पर ही महिला की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा- तफरी और दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बीते कई दिनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे लोग रात में घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक सप्ताह के भीतर जंगली हाथियों के हमले में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है.
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है.
सूचना मिलने पर वन विभाग के रेंजर राम नंदन राम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वन विभाग द्वारा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, वहीं मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू करने की बात कही जा रही है. घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है.

