चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड में श्री स्वामिनारायण छात्रालय, सूरत (गुजरात) के 250वें नवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इस आधुनिक छात्रावास का विधिवत लोकार्पण किया. इस मौके पर अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया.


समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव बिंदल अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हो उठे. उन्होंने बताया कि गोइलकेरा क्षेत्र से उनका पुराना जुड़ाव रहा है. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने यहां वनवासी कल्याण केंद्र छात्रावास की नींव रखी थी. साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 1978 में उन्होंने अपने चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत गोइलकेरा क्षेत्र के कदमडीहा गांव से की थी, जहां वे आदिवासी युवक राजेश कुंटीया के साथ लोगों का इलाज करते थे.
डॉ. बिंदल ने छात्रावास के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. उन्होंने अपनी ओर से छात्रावास के लिए 50 बेड देने की घोषणा की, जबकि श्री दिनेश भाई पटेल ने भी 20 बेड उपलब्ध कराने का संकल्प लिया.

उन्होंने बताया कि छात्रावास परिसर में पहले एक निःशुल्क क्लिनिक संचालित होता था, जो बीच में बंद हो गया था. अब इसे फिर से शुरू किया जाएगा. डॉ. बिंदल ने कहा कि उनके पुत्र डॉ. विवेक बिंदल हर वर्ष इस क्लिनिक के लिए दवाइयों का पूरा खर्च वहन करेंगे. इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने डॉ. राजीव बिंदल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य विकास में उनका योगदान महत्वपूर्ण है.
कार्यक्रम में डॉ. (श्रीमती) बिंदल, कृपा प्रसाद सिंह, दिनेश भाई पटेल, हरेकृष्णा शास्त्री, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जेबी. तुबिद, रंजीत प्रसाद, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, अशोक सारंगी, प्रकाश मेहता, तुलसी प्रसाद, ब्रेन कुमार टुडू, बीडीओ विवेक कुमार, आतिश ठक्कर, थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा और मालती गिलुवा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. वक्ताओं ने इस छात्रालय को आदिवासी बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया.

