चाईबासा/ Jayant Pramanik हिंदू नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को निश्चितपुर स्थित दीनदयाल शिशु विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा भव्य प्रभातफेरी निकाली गई. सुबह के शांत वातावरण में बच्चों के जयघोष ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया.


प्रभातफेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर निश्चितपुर के विभिन्न मार्गों और टोलों से होते हुए गुजरी. इस दौरान स्कूली बच्चे अपने हाथों में भगवा ध्वज और महापुरुषों की तख्तियां लिए हुए थे. “जय श्री राम” और “हिंदू नववर्ष मंगलमय हो” के नारों से वातावरण गूंजायमान रहा.
विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और भारतीय कालगणना के महत्व से अवगत कराना है. उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा ही वास्तविक नववर्ष है, जिसे हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए.
प्रभातफेरी के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी जगह-जगह बच्चों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य और प्रबंध समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

