चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना में पदस्थापित जैप-09 साहेबगंज के हवलदार बारगी उरांव (52 वर्ष) की मंगलवार शाम गोली लगने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार हवलदार अपने बैरक में इंसास राइफल की सफाई कर रहे थे, इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली उनके सिर में जा लगी. घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है. गोली लगते ही थाना परिसर में अफरा- तफरी मच गई. साथी जवान उन्हें बचाने के प्रयास में अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

बुधवार को शव को चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया. घटना की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर ने जिला दंडाधिकारी- सह- उपायुक्त चाईबासा को दी. उपायुक्त ने आदेश जारी कर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने का निर्देश दिया है. इसके लिए अंचल अधिकारी खूंटपानी फुलेश्वर साव को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है. तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है, जिसमें डॉ. चन्दन कुमार रवि, डॉ. शिरिल संदीप सवैया और डॉ. दीपक कुमार सिन्हा शामिल हैं. पोस्टमार्टम पूरी तरह दंडाधिकारी की देखरेख और वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा. पुलिस सूत्रों के अनुसार हवलदार बारगी उरांव अनुशासित और जिम्मेदार जवान थे. यह घटना पूरी तरह एक हादसा मानी जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की औपचारिक जांच की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
