चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत महुलडीहा गांव की बबली महतो जेपीएससी परीक्षा में सीडीपीओ पद के साक्षात्कार में सफलता प्राप्त करने के बाद गुरुवार को अपने पैतृक गांव महुलडीहा पहुंचीं. गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और कुड़मी समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया.

महुलडीहा चौक पर ग्रामीणों ने बाजे- गाजे के साथ बबली महतो को बुके और माला पहनाकर सम्मानित किया. इसके बाद ग्रामीणों ने बधाइयों के साथ रैली के रूप में उन्हें उनके घर तक पहुंचाया. इस दौरान महुलडीहा स्थित मध्य विद्यालय के बच्चों ने भी बबली महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया.
बता दें कि बबली महतो ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मध्य विद्यालय महुलडीहा से ही प्राप्त की थी. इस अवसर पर उन्होंने स्कूली बच्चों को मेहनत के साथ लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की अपील की और कहा कि निरंतर परिश्रम से सफलता जरूर मिलती है.
कार्यक्रम के दौरान बबली महतो के पिता डॉक्टर महतो समेत पूरे परिवार को भी ग्रामीणों और कुड़मी समाज के लोगों ने बधाई दी. मौके पर मुंडा दिनेश महतो, महेन्द्र महतो, रविन्द्र महतो, रामप्रेश महतो, कुलदीप महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला और पुरुष मौजूद थे.

