चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत सायतावा गांव में बीती रात दंतैल जंगली हाथी ने 13 वर्षीय बच्चे रेंगा कायम को कुचलकर मार डाला. घटना स्थल पर ही बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, देर रात जंगली हाथी गांव में घुस आया और एक घर को तोड़ने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान हाथी ने एक बच्ची जिंगी गागराई को अपनी सूंड में फंसाकर बाहर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल बच्ची को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना के समय घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई. यह दर्दनाक घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शनिवार सुबह प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही सोनुआ संतरा वन विभाग के कर्मी और गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
सोनुआ संतरा वन प्रक्षेत्र की ओर से तत्काल पीड़ित परिवार को सहयोग राशि के रूप में 20 हजार रुपये प्रदान किए गए. यह राशि स्थानीय मुखिया दूरपति पूर्ति, ग्रामीण मुंडा तथा कुईडा पंचायत के मुखिया दिनेश चंद्र बोयपाई के माध्यम से दी गई. वन विभाग ने शेष मुआवजा राशि जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है.

