चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के बेगुना ग्राम स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय गुदड़ी में सोमवार को विशेष अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक जगत माझी शामिल हुए और बैठक की अध्यक्षता की. विद्यालय की छात्राओं ने विधायक का स्वागत स्कूली बैंड और परेड के साथ किया. बैठक के दौरान विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य कार्यक्रमों की जानकारी ली. अभिभावकों ने विधायक के समक्ष कई मांगें रखीं, जिनमें एम्बुलेंस की सुविधा, गुदड़ी प्रखंड में निर्माणाधीन विद्यालय भवन का शीघ्र निर्माण, मोबाइल नेटवर्क की बहाली और शौचालय सुविधा शामिल थी. अभिभावकों ने बताया कि गांव में मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण वे बच्चों से संपर्क नहीं कर पाते हैं. विधायक ने अभिभावकों की मांगों पर अगले वर्ष एम्बुलेंस की सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया और अन्य निर्माण कार्यों के शीघ्र पूर्ण होने की जानकारी दी. बैठक के बाद विधायक ने विद्यालय में चल रही अर्धवार्षिक परीक्षा का निरीक्षण किया और छात्राओं की सुविधाओं तथा समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गुदड़ी पिछड़ा क्षेत्र जरूर है, लेकिन यहां के विद्यार्थी पढ़ाई और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं. विधायक ने पुस्तकालय और कंप्यूटर रूम का भी निरीक्षण किया. बैठक में वार्डेन पुष्पा कंडुलना, नूतन भुइंया, सुनीता कुमारी, मोनिका कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे.


