चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोंगरा रेंज में वन विभाग ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साल लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है.


गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने हेसाडीह गांव के पास छापेमारी की. इस दौरान एक ट्रक को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध साल लकड़ी लदी हुई थी. जांच में ट्रक से कुल 80 पीस साल के बोटे बरामद किए गए.
जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है. कार्रवाई के बाद ट्रक को वन विभाग कार्यालय लाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में वाहन मालिक और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. जल्द ही सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध लकड़ी तस्करों के बीच खलबली मच गई है. वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि अवैध तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.

