चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह हाथियों के झुंड की अचानक दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. गुदड़ी प्रखंड के कमरोड़ा पंचायत अंतर्गत जतरमा गांव के पास जंगल में हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है. सुबह कुछ हाथी गांव के समीप आ पहुंचे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.

हाथियों के गांव की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने घर छोड़ सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया. आसपास के गांवों के लोग भी जतरमा पहुंचे और मिलकर हाथियों को गांव से दूर भगाने का प्रयास किया. हालांकि हाथियों का झुंड गांव के समीप जंगल में ही डटा हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में गोइलकेरा, टोंटो और मझगांव क्षेत्र में हाथियों के हमले की घटनाएं सामने आई थीं. ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका से लोग सहमे हुए हैं.
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जान- माल की क्षति की आशंका बनी रहेगी.

