चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट वन प्रमंडल के डाक बंगला परिसर में सोमवार को हाथियों द्वारा हुई क्षति को लेकर मुआवजा राशि का वितरण किया गया. कार्यक्रम में विधायक जगत माझी एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे.

विगत दिनों आनंदपुर के गोंदपुर, बुरुइन्चिंडा, बटमा, रूंगीकोचा, ठियाटांगर, लोरपोंडा, सतबमड़ी, गीतिउली, बोरोतिग्गा जैसे कई गांवों में हाथियों ने धान की फसलों एवं मकानों को नुकसान पहुंचाया था. वहीं गीतिउली की बुजुर्ग महिला बुधनी सोलंकी की मौत हाथी के कुचलने से हो गई थी. विधायक एवं जिप उपाध्यक्ष के हाथों बुधनी सोलंकी के परिजनों समेत कुल 23 पीड़ितों के बीच कुल 26 लाख 64 हजार 280 रुपये की मुआवजा राशि वितरित की गई.
विधायक जगत माझी ने मौके पर कहा कि प्राकृतिक आपदा या जंगली जानवरों से जान-माल की हानि पर सरकारी मुआवजा का प्रावधान है. ग्रामीणों को चाहिए कि ऐसी घटनाओं के बाद विभाग को आवेदन दें, ताकि नियमानुसार क्षतिपूर्ति मिल सके.
मौके पर आनंदपुर के रेंजर तरुण कुमार सिंह, फॉरेस्टर आलोक तुबीद, झामुमो नेता संजीव गंताइत, राजू सिंह, पिंटू जैन, आशीष गंताइत सहित वन विभाग के कई कर्मी व पीड़ित ग्रामीण मौजूद रहे.

