चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय मणिपुर में मंगलवार को “उन्नति का पहिया” कार्यक्रम के तहत साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत माझी थे. विशेष रूप से कार्यक्रम में जेपीएससी में सफलता हासिल करने वाले मनोहरपुर निवासी कमलेश गुप्ता भी उपस्थित रहे.

विधायक जगत माझी ने कमलेश गुप्ता को सम्मानित किया और छात्र- छात्राओं को प्रेरित किया कि वे भी कठिन परिश्रम कर सफलता प्राप्त करें. इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के छह विद्यालयों के कुल 394 छात्र-छात्राओं को साइकिल दी गई.

विधायक ने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि अब साइकिल मिल चुकी है, इसलिए समय पर विद्यालय पहुंचे और हर दिन उपस्थित रहें. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की हर जरूरत का ध्यान रख रही है, केवल उन्हें पढ़ाई में मन लगाना है.
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेंद्र बाड़ा ने बताया कि रायकेरा उच्च विद्यालय, लक्ष्मीपुर मध्य विद्यालय, चरवाहा मध्य विद्यालय, हाकागुई मध्य विद्यालय, साइडिंग मध्य विद्यालय और कमारबेड़ा (डी) मध्य विद्यालय के बच्चों को साइकिल वितरित की गई.

मौके पर बीडीओ शक्तिकुंज, बीपीओ संतोष गुप्ता, बीआरपी यशवंत कटियार, सीआरपी निरंजन गोप, विद्यालय के प्रधान शिक्षक नितेश कुमार झा, डमरूधर महतो सहित कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

