चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित सारंडा के दीघा सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित 134 बटालियन के एसआई भुलन राम, उम्र 59 वर्ष, का रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया. जानकारी के अनुसार रात में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई.

कैंप में मौजूद जवानों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए उड़ीसा के बिसरा अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना के बाद सीआरपीएफ अधिकारियों के बीच भी शोक का माहौल बन गया.
मृतक एसआई के शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद दीघा सीआरपीएफ कैंप में शोक की लहर है.

