चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरू गांव में 60 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में दो दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना और जागरूकता बढ़ाना था.

कार्यक्रम कमांडेंट अंबुज मुथाल, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार तथा सहायक कमांडेंट गोपाल सिंह रावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस दौरान ग्राम हाथीबुरू के मुंडा साइमन पूर्ति सहित अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे.

शिविर में हाथीबुरू के साथ- साथ माइलपी, मेरालगढ़ा, लोवावेरा, लिमसाडीह, बमियाबुरू और तिलियाबेरा गांव के ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई. चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया. ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई.

सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे. ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया.

