चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में CRPF की 197 बटालियन के जवान गोपालजी सिंह की परेड के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई. जानकारी के अनुसार जवान को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों ने बताया कि जवान की मृत्यु हृदयगति रुकने से हुई है.

घटना सुबह परेड के दौरान हुई, जब सभी जवान कैंप परिसर में प्रशिक्षण ले रहे थे. अचानक गोपालजी सिंह बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद साथी जवान उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे.
मृतक जवान की पहचान गोपालजी सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी सिसवा बाबू गांव, बेलघाट, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. घटना के बाद बटालियन परिसर में शोक का माहौल है.
CRPF अधिकारियों ने जवान की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है. औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जवान का पार्थिव शरीर गोरखपुर स्थित उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है.

