चाईबासा/ Jyotish Mahali जिले के मनोहरपुर प्रखंड के जराईकेला थाना क्षेत्र के रायबेडा गांव में सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स की डी/134 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के निर्देश पर आयोजित हुआ.

इस मौके पर सहायक कमांडेंट मानु प्रकाश सिंह, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्राम पंचायत मकरंदा के मकरंदा, रायबेडा, बड़ा सागोजोड़ी और छोटा सागोजोड़ी गांवों के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया.

कार्यक्रम के तहत बच्चों के बीच स्कूल बैग और खेल सामग्री का वितरण किया गया. वहीं जरूरतमंद ग्रामीणों को वाटर गैलन, तिरपाल, कंबल, छाता, चप्पल, साड़ी, बर्तन और कृषि उपकरण सहित दैनिक उपयोग की सामग्री दी गई.

अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी जरूरतों की पूर्ति, शिक्षा को बढ़ावा देना और सुरक्षा बलों व ग्रामीणों के बीच विश्वास मजबूत करना है. सीआरपीएफ ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की सुरक्षा और जनसेवा के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे

