चाईबासा/ Jayant Pramanik गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित ग्राम सायतवा में सोमवार को सीआरपीएफ 60 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन कमांडेंट अंबुज मुथाल के निर्देशन में एफ/60 समवाय सायतवा द्वारा किया गया.

कार्यक्रम में कमांडेंट अंबुज मुथाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, उप कमांडेंट चंडी चरण झा एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. ग्राम सायतवा के मुंडा जोनको कायम समेत आसपास के विभिन्न टोला के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

इस अवसर पर बच्चों के बीच स्कूल बैग और खेल सामग्री जैसे फुटबॉल व वॉलीबॉल का वितरण किया गया. महिलाओं को साड़ियां, बुजुर्गों को कंबल और मच्छरदानी दी गई. ग्रामीणों को पानी की सिंटेक्स टंकी, सोलर लैंप, कृषि कार्य हेतु बीज, गैती, बेलचा, खुरपी, फावड़ा, हंसिया सहित अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां डॉक्टरों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयों का वितरण किया.

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और सीआरपीएफ व ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत करना है.
कमांडेंट ने ग्रामीणों से अपील की कि शांति और सुरक्षित माहौल में ही विकास संभव है. उन्होंने नक्सल गतिविधियों में शामिल लोगों से राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया. ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस जनकल्याणकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया.

