चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ाई गांव में सीआरपीएफ की 60 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा बलों व आमजन के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट अंबुज मुथाल के निर्देशन में एफ/60 समवाय लोढ़ाई द्वारा किया गया. इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, उप कमांडेंट मुकेश कुमार पांडे और चिकित्सा अधिकारी दीपक कुमार उपस्थित रहे. कार्यक्रम में ग्राम लोढ़ाई की मुखिया वीसंती लुगुन, मुंडा गिरिधर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

लोढ़ाई के विभिन्न टोला सैदवा, कुटीपी, राऊवाली, डिंडापाई कूदादा, गलीकेरा, लामडर, देवां, दुरा, झूंपुरा, जाटी और वनजीरा के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग और खेल सामग्री जैसे फुटबॉल और वॉलीबॉल वितरित किए गए. ग्रामीणों को पानी के लिए सिंटेक्स टैंक, बुजुर्गों को कंबल और मच्छरदानी, महिलाओं को साड़ियां तथा किसानों को कृषि उपयोगी बीज और बर्तन प्रदान किए गए. सभी ग्रामीणों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई.

चिकित्सा अधिकारी दीपक कुमार ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना, बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और सीआरपीएफ तथा स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास और सद्भाव को मजबूत करना है.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी क्षेत्र का विकास शांति और सुरक्षित वातावरण में ही संभव है.

उन्होंने कहा कि जो लोग नक्सल गतिविधियों में भटके हुए हैं, उन्हें राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी देकर मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए. आत्मसमर्पण और मुख्यधारा से जुड़ने के इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी थाना या सीआरपीएफ कैंप से संपर्क कर सकते हैं. ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया.

