चाईबासा/ Jayant Pramanik केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को 60 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया.

यह कार्यक्रम 60 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय आसनतालिया, चक्रधरपुर में आयोजित किया गया, जिसमें सदर अस्पताल चाईबासा की मेडिकल टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया. स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर बटालियन के अधिकारियों और जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला. “रक्तदान महादान” के संकल्प को साकार करते हुए बड़ी संख्या में जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.
इस मौके पर 60 बटालियन के कमांडेंट अंबुज मुथाल स्वयं उपस्थित रहे और जवानों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे श्रेष्ठ उदाहरण है.
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवान न केवल देश की सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी हमेशा आगे रहते हैं. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़- चढ़कर भाग लेने के लिए सभी को प्रेरित किया.

