चाईबासा/ Jayant Pramanik भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त करने के लिए विधेयक पेश करने के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेसजनों ने बुधवार को चाईबासा गांधी मैदान में महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के सामने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने “महात्मा गांधी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” के नारे लगाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि केन्द्र सरकार का यह कदम अत्यंत चिंताजनक और सुनियोजित है. मनरेगा कानून गांवों में रहने वाले लोगों को काम मांगने का कानूनी अधिकार देता है और ग्रामीण भारत में सौ दिनों का रोजगार सुनिश्चित करता है. इस कानून ने विकेन्द्रीकृत शासन को मजबूत किया और महिलाओं तथा भूमिहीनों को सशक्त बनाया.
पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु ने कहा कि इस अधिनियम से महात्मा गांधी का नाम हटाना षड्यंत्र से कम नहीं है. महात्मा गांधी श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और गरीबों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक रहे हैं. कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यह नाम परिवर्तन महात्मा गांधी के मूल्यों के प्रति भाजपा और आरएसएस की असहजता और अविश्वास को दर्शाता है.
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, अनुसूचित विभाग कोल्हान प्रभारी सुरज मुखी, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पूर्णचन्द्र कायम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सकारी दोंगो, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, महासचिव नसीम अख्तर, अल्पसंख्यक विभाग जिला उपाध्यक्ष राखी सालुजा, वरीय कांग्रेसी विजय सिंह सुम्बरुई, बिपिन लागुरी, चांद खान, राकेश सिंह, विजय सिंह तुबिद, गणेश प्रजापति, सुशील दास सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
