चाईबासा/ Nitish Thakur गोईलकेरा स्थित सीआरपीएफ ए/193 बटालियन बोरोई की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम 2025- 26 के तहत ग्राम बोरोई में शांति, प्रगति और जन- सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम 193 बटालियन के कमांडेंट ओम जी शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया.


कार्यक्रम का नेतृत्व सीआरपीएफ जीडी बिभूतोश दास, ए/193 वाहिनी द्वारा किया गया. इस दौरान ग्राम बोरोई, बाईहातु, सांगाजटा, पाटुंग, सोंगा, किमसुआ और रुटागुटू के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत ग्रामीणों के बीच कंबल, मच्छरदानी, प्रेशर कुकर, छाता, बाल्टी, सिलाई मशीन, खाद्य पदार्थ और पोशाक का वितरण किया गया. इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीण बच्चों के बीच कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल, खेल सामग्री और पोशाक का भी वितरण किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ जीडी बिभूतोश दास ने कहा कि सिविक एक्शन प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य युवक- युवतियों को शिक्षा और खेल के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना, आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा देना सीआरपीएफ की प्राथमिकता है. इस अवसर पर ए/193 बटालियन के सभी जवान, स्थानीय ग्रामीण और ग्राम के मुंडा उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सीआरपीएफ ए/193 बटालियन के जवानों का पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया.

