चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले में बालश्रम रोकथाम को लेकर गठित टास्क फोर्स ने शुक्रवार को चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेडा चौक स्थित होटल और ढाबों पर छापेमारी की. इस दौरान चांडिल पुलिस भी मौजूद रही. छापेमारी में कई नाबालिग बच्चों को काम करते हुए पाया गया, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू कर लिया गया. कुल पांच किशोर नाबालिगों को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के माध्यम से उनके परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


इस टास्क फोर्स की टीम में बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद आयाज हैदर, बीना रानी महतो, पद्मा गोराई, चाइल्ड हेल्पलाइन की को-ऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, समीर महतो, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, डालसा के सुखरंजन और बिट्टू प्रजापति, आसनबनी के मुखिया विधु मुर्मू तथा चांडिल थाना की पुलिस शामिल थी. छापेमारी के दौरान गोपाल गोराई का ढाबा, बोडे हेम्ब्रम, सरोजानंद मुर्मू और जगदीश होटल को टास्क फोर्स ने निशाना बनाया. इन जगहों से नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में बालश्रम किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
