चाईबासा/ Jayant Pramanik नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चाईबासा और चक्रधरपुर नगरपरिषद क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न हुआ. प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चाईबासा नगरपरिषद में कुल 61.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि चक्रधरपुर नगरपरिषद में 57.95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. दिनभर दोनों क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर महिला, पुरुष और बुजुर्ग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखी गई.

मतदान समाप्ति के बाद चाईबासा महिला कॉलेज स्थित वज्रगृह में मतपेटियों का पहुंचना शुरू हो गया है. यहां बनाए गए रिसीविंग सेंटर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. शाम को उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु स्वयं वज्रगृह पहुंचे और मतपेटियों की प्राप्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर बल दिया. प्रशासन के अनुसार मतपेटियों को सुरक्षित रूप से वज्रगृह में रखा जा रहा है और मतगणना की निर्धारित तिथि पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

